मनासा। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा पूरे मध्य प्रदेश के साथ नीमच जिले में भी मातृशक्ति अखंड दीप शताब्दी वर्ष 2026 तैयारी उपयात्रा 27 जनवरी से आरंभ हुई।
गायत्री शक्तिपीठ मनासा से शनिवार दोपहर 12.30 बजे गायत्री परिवार के जिला समन्वयक गिरिराज सिंह चौहान और तहसील संयोजक दिनेश खाबिया और गायत्री परिवार के ट्रस्टीगण, वरिष्ठ गायत्री साधक परिजनों द्वारा पूजन के बाद उपयात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
परम पूज्य गुरुदेव युग ऋषि पं श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा बसंत पंचमी सन 1926 में प्रचलित अखंड दीप जो अभी शांतिकुंज हरिद्वार में प्रज्जवलित है और वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी (2026) के उपलक्ष्य में 27 जनवरी से शुरू हुई यह यात्राएं 17 अप्रैल 2024 रामनवमी तक प्रदेश के सभी 55 जिलों की 438 तहसीलों की 23436 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेंगी और गांवों में प्रभा कर, यज्ञ, संवाद, स्वच्छता अभियान, व्यसन उन्मूलन संकल्प आदि के द्वारा जन जागृति के कार्य करेंगे। इसके बाद शांतिकुंज हरिद्वार से मुख्य यात्रा निकलेगी जो पूरे देश के गायत्री प्रज्ञा संस्थानों पर जाएगी।
नीमच जिले में मनासा से प्रारंभ हुई उपयात्रा के द्वारा रामनगर, नलखेड़ा, लोडकिया, गंगनिया खेड़ी, महागढ़ ग्राम पंचायत में निकली। जिसमे ग्रामवासियों द्वारा शक्ति कलश का पूजन और संदेश का क्रम संपन्न हुआ। यात्रा के द्वितीय दिवस रविवार को ग्राम गंगनिया खेड़ी से प्रारंभ होकर देवरी खवासा, रायसिंहपुरा, आंकली, तुमडा, सोजावास, रूपावास ग्राम में पहुंचकर ग्राम प्रवज्जा कर, कलश पूजन, जन्मशताब्दी संदेश का क्रम संपन्न हुआ।
रथ के साथ टोली नायक दिनेश खाबिया और टोली सहायक सत्यनारायण शर्मा एवं क्षेत्रीय समयदानी सहयोगी परिजन अपना समयदान प्रदान कर रहे हैं।