नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय में सगराना निवासी टीना पिता कचरू सिंह जाति सोंधिया ने आज गुहार लगाई कि उस पर बीते दिनों जानलेवा हमला किया गया। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कारवाई ना किए जाने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद है।
पीड़िता टीना ने बताया कि चाचा पदमसिंह पिता किशोर सिंह, जितेंद्र पिता पदम सिंह, शिशुपाल पिता पदम सिंह और निहाल बाई पति पदम सिंह द्वारा 23 जनवरी को उस पर धारदार हथियार और लोहे की राड से बाड़े में अचानक मारपीट की गई। जिस कारण टीना के हाथ की उंगलियां फैक्चर हो गई। टीना के शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई है। टीना का कहना है कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने के उपरांत भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
पूरा विवाद जमीन को लेकर बताया जा रहा है। टीना और उसके परिवारजनों ने पदम सिंह और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।