सिंगोली। नीमच कलेक्टर दिनेश जैन के अभिनव आदेश के बाद जिले भर में मेडिकल स्टोर्स पर बीपी जांच अभियान ने जोर पकड़ लिया है। सिंगोली कस्बे में यह सुविधा रवि मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध है, जहां आने वाले अधिकांश ग्राहक अपनी बीपी की जांच करवा रहे है।
मंगलवार शाम प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जनवरी को एक आदेश जारी कर नीमच जिला कलेक्टर दिनेश जैन ने इस अभियान की शुरआत की थी। इस अभियान के तहत मेडिकल संचालक को यह दायित्व दिया गया है कि वे मेडिकल स्टोर्स पर आने वाले व्यक्तियों के ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच करें, जांच में यदि असामान्य ब्लड प्रेशर पाया जाता है तो वे उन्हें एक कार्ड प्रदान करें जिसे वह चिकित्सक को दिखाकर जरूरी उपचार ले सकता है।
बताया जाता है कि जिले में यह सुविधा कुल 45 मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध है, जहां बीते 20 दिनों में 7 हजार से ज्यादा लोगों के ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच की जा चुकी है, उनमें से करीब एक हजार लोगों में असामान्य ब्लड प्रेशर पाया गया है। ऐसे सभी लोगों ने प्राप्त कार्ड के जरिए चिकित्सक से उचित परामर्श और उपचार भी लिया है।