झालावाड़। जिले के उपखंड क्षेत्र मनोहर थाना के ग्राम पंचायत कामखेड़ा के गांव देवरी जागीर के खेजंडा के पास परवन नदी पर श्रद्धालुओं को धार्मिक नगरी कामखेड़ा बालाजी के मंदिर में दर्शन करने के लिए बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्राम पंचायत बड़बद व कामखेड़ा इन दोनों पंचायत के ग्रामीणों को कस्बा हरनावदा शाहजी में किसानों को कृषि जींस खाद्य सामग्री लेने जाने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लगभग 25 गांव का रास्ता इस परवन नदी से गुजरता है और यहां से बारां जिला व मध्य प्रदेश से हजारों की संख्या में यात्री पैदल व ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल से गुजरते हैं। वहीं कामखेड़ा बालाजी के दर्शन करने के लिए भी आते हैं। इस मामले मे क्षेत्र के किसानों की यह मांगे हैं, कि शासन प्रशासन यहां की पुलिया का निर्माण करवाए ताकि आने जाने वाले लोग समस्याओं से निजात पा सके। लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्रवासी पहले भी लगातार कई वर्षों से यह मांग उठाते आ रहे हैं। क्षेत्र के किसान जब भी गांव में विधानसभा या लोकसभा के चुनाव आते हैं तब क्षेत्र के राजनेताओं से गांव के लोग मांग रखते हैं। लेकिन राजनेता आश्वासन देखकर चले जाते हैं। फिर 5 साल बाद यही वाक्या सामने आता है और कागजों में लिखकर लेकर चले जाते हैं की आपका काम करवा देंगे। लेकिन आज तक सारी समस्याओ को बंडल मे लपेटकर सरकारी दफ्तर मे बंद कर दिया गया है।