कुकडेश्वर। नगर के सूर्यवंशी कुमरावत तमोली समाज के बुंदीवाल परिवार की लाड़ली युवा इंजीनियर बिटिया का असमय अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया।
नगर के नंदलाल बुंदीवाल की पोती व राजमल बुंदीवाल की बिटिया डाली बुंदीवाल (साफ्टवेयर इंजीनियर) उम्र 29 वर्ष करीब जो बाहर शहर में कार्य कर रही थी। डाली विगत दिनों परिजनों व अपने पिताजी के आपरेशन की सुख साता पूछने आई थी। अचानक एक फरवरी को तबीयत बिगड़ी और उपचार के दौरान इन्दौर में निधन हो गया। डाली सुसंस्कारी होकर परिजनों की चहेती होनहार बिटिया थी। नगर में जिसने भी यह समाचार सुना वो सुनकर अंचभित हो गया। परिवार में शोक की लहर छा गयी।
डाली बुंदीवाल की अंतिम यात्रा भवानी माता मंदिर के समीप निवास स्थान से 03 फरवरी को प्रातः 9 बजे सैकड़ों समाज जनों की उपस्थिति में निकली। सभी ने नम आंखों से विदाई दी। मुक्तिधाम पर बिटिया की चिता को मुखाग्नि भाई सुरेश, गणेश, दीपक, आकाश, विकास व बुंदीवाल परिवार ने दी। दिवंगत आत्मा को उपस्थित गणमान्यजनों श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को इस व्रज पात सहने की शक्ति प्रदान की कामना प्रभु से की। निवास स्थान पर कई सामाजिक लोगों, इष्ट मित्रों, समाजसेवियों, जन प्रतिनिधि, राजनीतिक लोगों ने पहुंच श्रद्धांजलि दी व परिजनों को ढांढस बंधाया। उक्त जानकारी दशरथ नागदा ने दी।