नीमच। गज़ब के जोश और उमंग के साथ 40 कारसेवकों का जत्था आज नीमच के रेलवे स्टेशन से अयोध्या रामललला के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस दौरान कार सेवकों ने भरपूर उत्साह के साथ जय श्री राम का गगनचुंबी उदघोष किया। राम भक्ति के गीत गाए। यहां से कार सेवक नीमच से रतलाम पहुंचेंगे। आज ही रतलाम से आस्था एक्सप्रेस में सवार होकर तमाम कार सेवक एक साथ कल शाम अयोध्या पहुंचेंगे। 06 फरवरी को भगवान रामलला के दर्शन कर आरती में शामिल होंगे। कार सेवकों को रामघाट, सरयूघाट और हनुमानगढ़ी जाने का अवसर भी प्राप्त होगा। 06 फरवरी को रात 9.30 बजे अयोध्या से रवाना होकर सात को नीमच वापसी होगी। अयोध्या जाने से पूर्व नीमच रेलवे स्टेशन पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, हेमंत हरित, महेंद्र भटनागर सहित बड़ी संख्या में राम भक्तों ने उपस्थित होकर फूलमाला पहनाकर कार सेवकों का अभिनंदन किया।
बताते चलें कि नीमच से 1990 की कार सेवा में 85 कार सेवक और 1992 की कार सेवा में 170 कारसेवक अयोध्या पहुंचे थे। आज 40 कारसेवक अयोध्या जा रहे हैं। बाकी कारसेवक अलग-अलग चरणों में अयोध्या जाएंगे। आज कार सेवा में जा रहे जत्थे में दो महिलाएं भी शामिल है।
अयोध्या जा रहे कार सेवकों में लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, अरविंद जायसवाल, मनीष कालानी, विजेंद्र सिंह बेस, गजेंद्र शर्मा, कन्हैयालाल सोनी, नरेश सोनी, अरविंद भरानिया, मनीष चौरसिया, बृजेश एरन,विनोद नागदा, गोविंद सिंह, माया देवी दवे, आशा लता व्यास आदि मौजूद रहे।