नीमच। शहर में दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर पीटाई करने का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से अधमरी हालत में जान बचाकर युवक खुद ही अस्पताल पहुंचा। इसके बाद युवक के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पहुंचे और युवक का इलाज शुरू कराया। नीमच जिले में बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे दीनदहाड़े ही बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला और सामने आया है, जिसमें कुछ बदमाशों ने एक युवक को अपहरण कर उसके साथ मारपीट की वारदात की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को नीमच सिटी थाने के सामने से करीब 10 से 15 लोगों ने झुंड बनाकर एक युवक का अपहरण किया। अपहरण कर ये बदमाश युवक को पीटते हुए कार में अपने साथ ले गए। शराब के नशे में धुत इन बदमाशों ने रातभर युवक के साथ मारपीट की। जब बदमाशों पर नशा हावी हुआ और वे सो गए तो युवक जैसे-तैसे वहां से जान बचार भागा और जिला अस्पताल पहुंचा। युवक ने अपना नाम देवीलाल पिता बंशीलाल मीणा निवासी पिपलिया चारण बताया है। देवीलाल का रुपयों के लेन-देन को लेकर गांव मालखेड़ा के ही कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। ऐसे में मंगलवार रात में देवीलाल अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सिटी थाने पर पदस्थ एसआई आईके तिवारी ने बताया कि घायल का मेडिकल करवाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।