इंदौर। शहर के हीरानगर में 5 साल की बच्ची से रेप के मामले में 16 साल का नाबालिग पकड़ा गया है। पुलिस जब आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची तो भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। जैसे-तैसे आरोपी को वहां से लेकर निकली। बच्ची को जब थाने ले जाया गया तो उसके कपड़ों पर ब्लड लगा हुआ था। मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। परिजन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया।
हीरानगर टीआई पीएल शर्मा के मुताबिक 5 साल की बच्ची से रेप के मामले में नाबालिग आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार किया गया। वह नशा करने का आदी है और मूल रूप से देवास का रहने वाला है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बच्ची के घर से कुछ दूरी पर वह साथियों के साथ बैठा था। इसके बाद वह पैदल पैदल बच्ची के घर की तरफ आया। यहां बच्ची अकेले दिखी तो उसे गोद में उठा लिया और घर के पीछे की तरफ ही ले गया। उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की।
बच्ची के माता-पिता इलाके में ही चौकीदारी करते हैं। दोपहर का समय था, मां काम में व्यस्त थी। उन्हें लगा कि बेटी बाहर ही खेल रही है। कुछ देर बाद बच्ची के चीखने की आवाज आई तो उन्होंने आवाज दी। आसपास के कुछ लोग भी आ गए। आरोपी बेटी को मौके पर छोड़कर पीछे की तरफ भाग गया। यहां मैदान में झाड़ियों के पास जाकर छिप गया। मां घबराकर बच्ची को घर के अंदर ले गई। बाद में उसकी हालत देखकर थाने पहुंची।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी आवारा है। वह नशा करने का आदी है। एक साल पहले ही वह देवास से इंदौर आया। यहां उसे नशे की लत लग गई। पुलिस देवास में आरोपी के परिवार की जानकारी निकाल रही है। उस पर पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।