नीमच। जिले के गांव राबड़िया में 12 दिन पहले प्राचीन मंदिर में हुई चोरी के मामले का आज तक खुलासा ना होने से जीरन पुलिस से नाराज सैंकड़ो ग्रामीण आज एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि 10 और 11 अगस्त की मध्य रात्रि में अज्ञात बदमाश चोरों द्वारा मां बाकेश्वरी के मंदिर से 10 किलोग्राम वजनी 58 चांदी के छत्र और देवनारायण मंदिर व बजरंगबली के मंदिर से दान पेटी तोड़कर हजारों रुपए चुरा लिए गए थे। जिसके सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस ने चोरी की घटना के बाद 72 घंटे का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली है। श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया लाखों रुपए का चढ़ावा चोरी की भेंट चढ़ गया। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि आज दिनांक तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने ज्ञापन देते हुए चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों में कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई तो गांववासियों द्वारा आंदोलन किया जाएगा। जिले में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है। यहां सवाल उठता है कि ऑपरेशन आई और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद नीमच में हो रही चोरियों के मामले में पुलिस खुलासा करने और चोरों को पकड़ने के मामले में नाकाम क्यों हो रही है?