नीमच। रतलाम जिले के ग्राम लसुड़िया नाथी में 10 माह की बालिका के अपहरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आज नीमच में अखिल भारतीय क्षत्रिय खारोल समाज के साथ सर्व हिंदू समाज द्वारा कलेक्टर कार्यालय पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के नाम ज्ञापन देकर 10 माह की नन्हीं बच्ची के अपहरण में लिप्त अज्ञात आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई।
बताते चलें कि रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना अंतर्गत गांव लसूडिया नथी से 17 अगस्त को रात 11.00 बजे से 12.00 बजे के बीच में अज्ञात बदमाशों ने 10 माह की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया था। ज्ञापन में कहा गया है कि 5 दिन बीत जाने के बावजूद भी बालिका का पता नहीं चल पाया है। ना ही आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। अखिल भारतीय क्षत्रिय खारोल समाज और सर्व हिंदू समाज ने ज्ञापन देकर मांग की है कि पुलिस बालिका का पता लगाकर उसे परिवार के सुपुर्द करे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि पुलिस द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो सर्व हिंदू समाज और खारोल समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।