नीमच। शहर के रोटरी हॉल में शहीद दिवस के अवसर पर मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप और संगीत मंच के संयुक्त तत्वाधान में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप एक शाम शहीदों के नाम का आयोजन किया गया। संगीतमय संध्या की शुरूआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती को नमन करते हुए दीप प्रज्वलित कर वंदना के साथ की गई।
कार्यक्रम में म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों में अरविंद पोरवाल ने ऐसा देश है मेरा, योगेश गहलोत ने देखो वीर जवानों, भारत घावरी ने है प्रीत जहां की रीत सदा, धीरज मंडोरिया और मलिक पर्देवाला ने संदेशे आते हैं, गीत प्रस्तुत किए। शुचि श्रीवास्तव और पंकज श्रीवास्तव द्वारा छोड़ो कल की बातें, मुसाफिर ग्रुप एडमिन खजान सिंह पवार और नवीन मकवाना द्वारा जलवा तेरा जलवा जलवा गीत ने उपस्थित श्रोताओं की जमकर तालियां बटोरी। कार्यक्रम में मौजूद अन्य गायक कलाकारों ने भी बेहतरीन प्रस्तुति से समां बांध दिया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति के रूप में मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप और संगीत मंच के सदस्यों ने एक साथ मिलकर यह देश है वीर जवानों की प्रस्तुति देकर वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से पंकज श्रीवास्तव और खजानसिंह पवार द्वारा किया गया।