कुकड़ेश्वर। स्थानीय ज्ञान मंदिर हाई स्कूल में बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति के प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी एवं संस्था प्रधान मंजू सोनी की उपस्थिति रही।
आचार्य परिवार और विद्यालय के सभी भैया-बहनों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर पूजन किया। इस अवसर पर भगवती प्रसाद सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बसंत पंचमी से प्रकृति में परिवर्तन प्रारंभ हो जाता है। आम के बौर आना, नए पत्तों का प्रस्फुटन और शीत ऋतु की समाप्ति के साथ ही शरीर में भी सकारात्मक बदलाव आते हैं। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी को विद्याआरंभ संस्कार का विशेष महत्व है, और इसी कड़ी में संस्था द्वारा नन्हे भैया इवान का विद्याआरंभ संस्कार भी संपन्न कराया गया।
विद्यालय में विद्यार्थियों ने पीले वस्त्र धारण किए और पीला भोजन लेकर आए। इस अवसर पर बच्चों ने नृत्य, कविता पाठ एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। नवांकुर संस्था प्रमुख द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था प्रधान मंजू सोनी ने किया एवं अंत में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय के आचार्य परिवार, विद्यार्थी, पालकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।