नीमच। प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी शहर के मूलचंद मार्ग चूड़ी गली कार्नर स्थित माँ अन्नपूर्णा मन्दिर पर दो दिवसीय स्थापना कार्यक्रम आज 4 फरवरी मंगलवार से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें हर वर्ष दूरदराज से बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल होते हैं और माता के सामने शीश नवाकर प्रार्थना कर पूजा अर्चना कर अपनी मनोकामना मांगते हैं।
इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए माता के सेवक सुरेन्द्र कलोसिया और सेविका निशा प्रकाश किलोसिया ने बताया कि प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी मां के मंदिर का दो दिवसीय स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है, जिसमें कई तरह के धार्मिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम की श्रृंखला में आज 4 फरवरी रात 08 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। 5 फरवरी बुधवार को सुबह 11 बजे से अष्टमी हवन का आयोजन होगा। साथ ही शाम 07 बजे से भक्तगणों के भव्य विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा। सेवक कलोसिया ने धर्मप्रेमी जनों से अपील की हैं कि माता के इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भक्तगण उपस्थित होकर धर्म लाभ लें।