नीमच। शहर से सांवलिया सेठ के दरबार तक आयोजित पैदल यात्रा के उपलक्ष्य में बीती रात सांवरिया भक्त मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन लायंस पार्क चौराहा पर किया गया। सांवरिया जी के भजनों की प्रस्तुति प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा ने दी। गोकुल शर्मा द्वारा प्रस्तुत भजनों ने भजन संध्या में समा बांध दिया। उनके द्वारा सांवरिया जी, खाटू श्याम भोलेनाथ पर गाए भजनों ने श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।
भजन संध्या में समाजसेवी अशोक गंगानगर द्वारा गोकुल शर्मा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया गया। उन्होंने नीमच नगरी में विराजे म्हारा श्याम रंगीला, सेठों में सेठ सांवरो सेठ बाकी सब डुप्लीकेट आदि भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भक्ति रस में डूब कर आनंदित होकर खूब नाचे झूमे। भजन संध्या में सांवरिया सेठ का भव्यता के साथ श्रृंगारित दरबार सजाया गया था। देर रात तक चली भजन संध्या में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि आज नीमच से सांवरिया सेठ तक निकली पैदल यात्रा में हजारों की संख्या में सांवरिया भक्त शामिल हुए हैं।