कुकड़ेश्वर। तहसील मनासा के भदाना पंचायत स्थित बिलवास गांव में श्री देवनारायण भगवान सप्तमी समिति एवं भील समाज के सहयोग से नौ कुंडी महायज्ञ एवं हवन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय धार्मिक उत्सव के दौरान देवनारायण भगवान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
इस महायज्ञ में 30 जोड़ों ने विधिवत हवन में आहुति दी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति स्थापना एवं जल यात्रा से हुई, जिसके पश्चात नौ कुंडी महायज्ञ का आयोजन हुआ। पंडित कैलाश नागदा एवं लक्ष्मण खाटकी के मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई और भगवान देवनारायण का अभिषेक किया गया। धार्मिक आयोजन में मध्य प्रदेश पटेल संघ के प्रदेश प्रवक्ता एवं पत्रकार राजेंद्र पटेल, ज्ञान सिंह भागल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आश्वासन दिया।
पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजन स्थल पर मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें झूले, चकरी और विभिन्न दुकानों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। आयोजन स्थल की भव्यता ने इसे मिनी प्रयागराज महाकुंभ का रूप दे दिया।
कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। अंत में आयोजन समिति के सदस्य लक्ष्मण खाटकी ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन का संकल्प लिया।