चित्तौड़गढ़। श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2025 के विभिन्न आयोजनों को लेकर महावीर जैन मंडल चित्तौड़गढ़ की एक तैयारी बैठक अध्यक्ष राजेंद्र दोषी की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित हुई।
महावीर जैन मंडल के प्रचार प्रसार सचिव डॉ कनक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि तैयारी बैठक का प्रारंभ नवकार मंत्र के जाप से हुआ। मंडल के महासचिव सोहनलाल पोखरना ने मंडल की पूर्व बैठक का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा उसमें लिए गए विभिन्न प्रस्तावों का सदन से अनुमोदन करवाया। उन्होंने महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले फिजियोथैरेपी शिविर, योग शिविर जैसे नए कार्यक्रमों के साथ परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन, जैन मेला, सांस्कृतिक संध्या, फल वितरण, विचार गोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, प्रभात फेरियॉं, शोभायात्रा ,मुख्य समारोह आदि की आयोजन तिथियों व स्थलों के बारे में जानकारी दी। महासचिव ने आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए गठित विभिन्न समितियों के संयोजक , सहसंयोजक एवं सदस्यों के नाम की जानकारी देते हुए सभी से अपनी- अपनी जिम्मेदारी का प्रभावकारी निर्वहन करने की अपील की।
प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं आयोजन को लेकर समाज जनों ने अनेक सुझाव प्रस्तुत किए। महिला मंडल की महासचिव रजनी रांका ने जैन मेले के आयोजन स्थल को परिवर्तित करने का सुझाव दिया। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी अशोक लोढ़ा ने शोभायात्रा के दौरान उपयोग में लिए जाने वाले प्लास्टिक को हाथों हाथ संग्रहित करने, पानी के स्टालों पर लोठे का प्रयोग करने, झूठा नहीं छोड़ने तथा साइबर अवेयरनेस पर कार्यक्रम आयोजित करने जैसे सुझाव दिए।उमा सुराणा ने एक दिन में दो कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का सुझाव दिया। ऐवंत मेहता ने शहर में जन्म कल्याणक महोत्सव के दौरान विभिन्न चौराहों पर भव्य एवं दिव्य सौंदर्य करण का सुझाव दिया। ऋषभ सुराणा ने शोभायात्रा के दौरान खाने-पीने की व्यवस्था को अंतिम चरण में रखने का सुझाव दिया उन्होंने चौत्र मास में आने वाले तीर्थंकरों के जन्म कल्याणक महोत्सव पर भी आयोजन करने का सुझाव दिया। राजेंद्र जैन ,अभय कुमार संचेती, महेंद्र कुमार टोंगिया, डॉ आर एल मारू, संरक्षक किरण डांगी तथा डा ए एल जैन आदि ने भी महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष डॉ अरविंद सांखला ने इमरजेंसी में घर पर शीघ्र चिकित्सकीय मदद जैसे सीपीआर , डायबिटीज केयर आदि पर वर्कशॉप करने की जानकारी दी। सीएम रॉका ने प्रतिभा सम्मान समारोह की प्रक्रिया एवं आवेदन की अंतिम तिथि 29 मार्च के बारे में जानकारी दी। महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र दोषी ने सभी से महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को भव्य दिव्य स्वरूप के साथ परंपरागत हर्षोंल्लास से मनाने का आह्वान किया। बैठक में संरक्षक मंडल के सदस्य सी एम बोकड़िया, सुरेश लोढ़ा, पारस कुमार सोनी, नवयुवक मंडल के निलेश पटवारी सहित समाज के सभी प्रमुख लोग उपस्थित थे। अंत में मंडल के कोषाध्यक्ष नवीन पटवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।