नीमच। शहर के समीप जमुनिया कला निवासी व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से बीती रात दर्दनाक मौत हो गई। घटना अदानी विलमार फैक्ट्री के पास की है। व्यक्ति का नाम पप्पू लाल पिता मांगीलाल नलवाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात को कुछ राहगीरों ने अदानी फैक्ट्री के पास देखा कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। तब तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से पायलट अर्जुन कच्छावा और ईएमटी स्टाफ राहुल पाटीदार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त करने पर व्यक्ति की पहचान पप्पू लाल के रूप में हुई। आज जिला अस्पताल में पप्पू के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस आशंका जता रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी और वहां से भाग निकला। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
