नीमच। शहर के भागेश्वर मंदिर से सिंधी समाज के 70 वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों का जत्था आज सुबह उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए बसों के माध्यम से रवाना हुआ। तीर्थ स्थलों को ऊर्जा का केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि तीर्थ यात्राओं से पुण्य के साथ, स्वास्थ्य लाभ और मन की प्रसन्नता रहती है। इस बात को दृष्टिगत रखते हुए भागेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वाधान में समाज के महिला पुरुष वरिष्ठ नागरिकों के लिए महाकाल दर्शन के लिए निशुल्क यात्रा का आयोजन किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। ऐसे में बुजुर्गों की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर तीर्थ यात्रियों का नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, गुरमुखदास लालवानी, मनोहर मोटवानी, स्नेहा तलरेजा, पिंकी तालरेजा हिना बदलानी आदि ने मंदिर परिसर में पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों द्वारा भगवा झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया गया। यात्रियों का मंदसौर में भारतीय सिंधु सभा व प्रयास सेवा समिति द्वारा भव्य स्वागत होगा।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर का पौराणिक महत्व है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से तीसरा ज्योतिर्लिंग है। मान्यता है कि भगवान शिव ने यहां दूषण नामक राक्षस का वध करके अपने भक्तों की रक्षा की थी।