दमोह के नोहटा स्थित प्राचीन नोहलेश्वर मंदिर में चल रहे उत्सव में शनिवार को देवी गीत गायिका शहनाज अख्तर ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन मंत्री लखन पटेल और दमोह सांसद राहुल सिंह मौजूद थे। शहनाज के गीतों पर जनप्रतिनिधि भी थिरकने लगे। समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया।
18 फरवरी से शुरू हुआ यह उत्सव 28 फरवरी तक चलेगा। 24 फरवरी से संस्कृति विभाग देश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां कराएगा। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने देवी गीतों का आनंद लिया। उत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिल रहा है।
राज्य मंत्री लोधी ने बताया कि कुछ साल में उत्सव की गरिमा कम हुई थी। अब इसे बेहतर स्वरूप में लाया जाएगा। उन्होंने इस उत्सव को संस्कृति विभाग के कैलेंडर में शामिल कर दिया है। इससे आने वाले वर्षों में उत्सव की भव्यता बनी रहेगी।
उत्सव में हेलीकॉप्टर की सवारी की भी सुविधा शुरू की गई है। 2000 रुपए में लोग अपने परिजनों के साथ हेलीकॉप्टर में घूम सकते हैं। शनिवार से शुरू हुई इस सेवा के लिए पहले से ही कई लोगों ने बुकिंग करा ली है।