नीमच। आज फागुन मास की विजया एकादशी ग्यारस का पर्व पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नीमच नरेश के दरबार में विजया एकादशी की धूम है। भक्तों का सुबह से ही बावड़ी वाले बालाजी स्थित श्याम मंदिर पर तांता लगा हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर नीमच नरेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। विजया एकादशी पर सुबह आरती की गई। कोलकाता और दिल्ली के फूलों से बाबा का श्रंगार किया जाएगा। दोपहर और शाम को ताली कीर्तन होगा। शाम को महा आरती की जाएगी। फलियारी प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा। श्रृंगार सेवा के लिए मंदिर के पट दोपहर 3.00 बजे से 5.00 बजे तक बंद रहेंगे। भक्तों के दर्शन के लिए श्याम मंदिर दिन भर खुला रहेगा। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल कृष्णा शर्मा ने बताया कि विजया एकादशी का व्रत करने से पापों से मुक्ति मिलती है और व्यक्ति विजय श्री को प्राप्त करता है। उल्लेखनीय है कि आज भगवान विष्णु की खास तौर पर पूजा अर्चना की जाती है।