नीमच। जिले के गांव भाटखेड़ी निवासी विद्यार्थी ललित माली पिता शिवलाल माली को कक्षा 12वीं की परीक्षा देने से वंचित कर दिया गया। ललित सीएम राइज़ स्कूल मनासा में 9 बजे परीक्षा देने के लिए उपस्थित हुआ था।
ललित का दो दिन पहले एक्सीडेंट हुआ और पैर फ्रैक्चर हो गया था। किराए की गाड़ी कराकर उसे परीक्षा केंद्र तक ले जाया गया था। व्हीलचेयर भी परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध नहीं थी। परीक्षा केंद्र अध्यक्ष बालकृष्ण बनोदा ने नियम का हवाला देकर ललित को परीक्षा देने से वंचित कर दिया। इसके अलावा दो अन्य छात्राओं पायल पिता रमेश और पूजा पिता विनोद धनगर को भी परीक्षा देने से वंचित किया गया। जिसे लेकर आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर विश्व हिंदू परिषद के साथ परिजनों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि परीक्षा ना दे पाने के कारण बच्चों का भविष्य अंधकार में हो गया है। ललित के पिता शिवलाल माली ने अपने आवेदन में बताया है कि समय पर पहुंचने के बावजूद बच्चों को परीक्षा में नहीं बिठाया गया है। आवेदन में मांग की गई है कि परीक्षा केंद्र अध्यक्ष के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई कर निलंबित किया जाए। ज्ञापन देते समय कैलाश मालवीय, दुर्गेश धनगर, विनोद जायसवाल, दिलीप ग्वाला, नितिन बागड़ी, पवन जायसवार, पवन पुरोहित, तूफान सिंह धनगर आदि मौजूद रहे।