मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा से मंगलवार को आराध्य चारभुजा नाथ के दर्शन हेतु 31वीं पैदल यात्रा धूमधाम से रवाना हुई। यात्रा में नगर सहित आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। सफेद-केसरिया परिधान में करीब 400 पैदल यात्री भक्ति और उत्साह से लबरेज नजर आए।
सुबह कपड़ा बाजार स्थित चारभुजा मंदिर से पूजा-अर्चना और ढोल-बाजों की गूंज के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ। पैदल यात्रा संघ के मुखिया मदनलाल झंवर, सहयोगी जगदीश तोषनीवाल, राजेंद्र अग्रवाल और अध्यक्ष कमल नागदा के नेतृत्व में श्रद्धालु “प्रभु आप की जय हो, छोगाला छैल की जय हो” के उद्घोष के साथ रवाना हुए।
फूलों से पटी सड़कें, जगह-जगह स्वागत
नगर में पैदल यात्रियों का विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा स्वागत किया गया। देवीलाल विजयवर्गीय, पलोड़ परिवार, व्यापारी संघ, प्रातः योग समिति, भाजपा, कांग्रेस, नगरपालिका कर्मचारी यूनियन, होटल-हलवाई संघ, बस कर्मचारी यूनियन, अन्नपूर्णा मंदिर समिति, कृषि उपज मंडी हम्माल यूनियन आदि ने पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था कर यात्रियों का अभिनंदन किया। प्रेस क्लब मनासा ने नीमच नाके पर चारभुजा के निशान और धर्मध्वजा को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय, शब्बीर बोहरा, सुरेश कुमावत, यशवंत राठौर (जस्सू भाई), नरेंद्र कुशवाह, दिलीप बोराना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
भजनों से गूंजा रणवीर हनुमान मंदिर
यात्रियों के स्वागत के लिए रणवीर हनुमान मंदिर पर समदानी परिवार द्वारा भव्य आयोजन हुआ। यहां भजन गायकों ने चारभुजा जी के भजनों और लावण्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आराध्य की तस्वीर, निशान और धर्मध्वजा की पूजा-अर्चना के बाद यात्रियों को विदा किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी भी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं के स्वागत और विदाई में शामिल लोगों की बड़ी भीड़ ने कार्यक्रम को आस्था का पर्व बना दिया।