मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा से मंगलवार को आराध्य चारभुजानाथ गणबोर के दर्शन हेतु 31वीं पैदल यात्रा धूमधाम से निकली। चारभुजा पैदल यात्रा संघ के बैनर तले निकली इस यात्रा में नगर सहित आसपास के गाँवों से 400 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रातः बेला में कपड़ा बाजार स्थित चारभुजा मंदिर पर पूजा-अर्चना कर ढोल-नगाड़ों के साथ पैदल यात्रियों का जत्था यात्रा संघ प्रमुख मदनलाल झंवर, सहयोगी जगदीश तोषनीवाल, राजेंद्र अग्रवाल और अध्यक्ष कमल नागदा के नेतृत्व में चारभुजा जी के लिए रवाना हुआ। महिलाएँ भजनों की धुन पर नृत्य करती दिखीं तो बच्चे, बुजुर्ग और युवा आस्था के रंग में सराबोर नजर आए।
फूलों से पटी सड़कें, स्वागत में उमड़े लोग
यात्रा के स्वागत में नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, जलपान और अभिनंदन किया गया। व्यापारी संघ, योग समिति, होटल हलवाई संघ, बस यूनियन, अन्नपूर्णा मंदिर समिति, कृषि मंडी हम्माल यूनियन सहित कई संगठनों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रेस क्लब मनासा ने नीमच नाके पर चारभुजा के निशान व धर्मध्वजा को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
भक्ति संध्या ने बांधा समां
नीमच रोड स्थित रणवीर हनुमान मंदिर पर समदानी परिवार द्वारा भव्य स्वागत और भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर नप अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चारभुजा जी के जयकारों और भक्ति-भाव से सराबोर श्रद्धालुओं के साथ यात्रा ने पूरे नगर को धार्मिक उत्सव में बदल दिया।