रतलाम। बुधवार को गणेश चतुर्थी के साथ 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो रही है। शहर के गली-मोहल्लों, चौराहों से लेकर घर-घर तक गणपति बप्पा की स्थापना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुख, समृद्धि और मंगलकामना के साथ भगवान गणेश को विराजित किया जाएगा। शहर भर में बड़े-बड़े पंडाल सजाए जा रहे हैं और महाआरती की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
ऊंकाला खड़े गणेश मंदिर में विशेष श्रृंगार
रतलाम के प्राचीन ऊंकाला खड़े गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। यहां स्थापित सवा 11 फीट ऊंची खड़ी प्रतिमा पर चांदी के वर्क से विशेष श्रृंगार (चोला) चढ़ाया गया है। हर तीन दिन में चोला बदला जाएगा और प्रतिदिन अलग-अलग श्रृंगार किया जाएगा।
बुधवार दोपहर 12 बजे गणेश जन्मोत्सव की आरती की जाएगी और सवा क्विंटल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष घनश्याम कसारा के अनुसार, इस मंदिर की मान्यता है कि यहां जो भी मनोकामना की जाती है, वह पूरी होती है। मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार, भोलेनाथ और हनुमानजी की भी प्रतिमाएं विराजमान हैं।