नीमच। देशभर में गणेश चतुर्थी का दस दिवसीय महापर्व आज बुधवार से शुरू हो गया है। गणेश उत्सव को लेकर पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर हो चुका है। आज भक्तों ने गणेश जी को अपने घरों, दुकानों और पंडालों में शुभ मुहूर्त में विराजित किया। इस दौरान भक्तों में गजब का जोश दिखाई दिया। भगवान की मूर्ति को बैंडबाजों व ढोल-ढमाकों के साथ वाहनों में ले जाकर भक्तों ने विघ्नहर्ता की स्थापना की। जगह-जगह चल समारोह निकले।
शहर का बाजार हुआ गुलजार-
शहर के बाजारों में खासकर टैगोर मार्ग पर गणेश चतुर्थी से पूर्व ही मूर्तियों की दुकानें सज चुकी थी। जहां आज खासी रौनक दिखाई दी। भक्तों ने इन दुकानों तक पहुंचकर अपनी पसंद की मूर्तियां खरीदी। दुकानों पर एक इंच से लेकर आठ फीट तक की मूर्तियाँ उपलब्ध थी। खास तौर पर भक्तों को बाल गणेश, लालबाग के राजा, रथ वाली मूर्तियाँ, सिद्धिविनायक, खजराना गणपति और अन्य देवी-देवताओं के रूपों में सज्जित मूर्तियां आकर्षक रूप से पसंद आई।
इको-फ्रेंडली मूर्तियों की मांग अधिक-
आपकों बता दें कि इस बार गणेश उत्सव को सादगी के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष की सबसे खास बात यह है कि पर्यावरण को लेकर भक्तों में जागरूकता बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि लोग पीओपी (्प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों की जगह मिट्टी से बनी इको-फ्रेंडली मूर्तियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
दस दिनों तक रहेगी रौनक-
इस बार 27 अगस्त से विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के दस दिवसीय उत्सव की शुरूआत हुई है। आगामी 10 दिनों तक जगह-जगह गौरा पुत्र गणेश की पूजा-अर्चना का दौर चलेगा। नीमच शहर में करीब 250 से अधिक स्थानों पर भक्तों ने शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की स्थापना की है। यहां प्रतिदिन भगवान की पूजा-अर्चना के साथ अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यहां विशालकाय मूर्तियों की स्थापना-
नीमच शहर में गणेश उत्सव की शहर में सबसे अधिक धूम विजय टॉकीज चौराहा, दशहरा मैदान, लायंस पार्क चौराहा, दाना गली, फोरा जीरो चौराहा, तिलक मार्ग, एलआईसी रोड, गोमाबाई रोड, नीमच सिटी व बघाना सहित ग्वालटोली में दिखाई देगी। यहां बड़े आकार के पांडालों में विशालकाय मूर्तियों की स्थापना की गई है जो भक्तों के आकर्षण का खास केंद्र रहेगी।