देवरी खवासा। क्षेत्र में गणेशोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। नगर के विभिन्न मंदिरों और मोहल्लों में गणपति स्थापना की गई, जहां भक्तों का तांता लगा हुआ है।
भोलेनाथ मंदिर पर पिछले 11 वर्षों से लगातार गणपति स्थापना की परंपरा निभाई जा रही है। यहां श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ भगवान गणेश की आराधना कर रहे हैं। वहीं देवनारायण मंदिर में भी गणपति की स्थापना की गई, जहां भक्तगण धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो रहे हैं।
इसके अलावा प्रजापति मोहल्ले में भी गणपति स्थापना की गई है। जगह-जगह भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गणपति स्थापना से नगर में आपसी भाईचारा और धार्मिक सौहार्द और अधिक प्रगाढ़ होता है। गणेशोत्सव के इस पावन अवसर पर नगरवासी सामूहिक रूप से शामिल होकर बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।