नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दारू में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ खेत पर काम कर रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति की सांप के काटने से मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि मृतक का नाम श्यामलाल पिता मोहनलाल ब्राह्मण था।यह घटना कल शाम करीब 4.30 बजे की है, जब श्यामलाल अपने खेत पर काम कर रहे थे। उसी दौरान एक सांप ने उन्हें हाथ की उंगली में काट लिया। घटना के बाद, श्यामलाल ने सांप को मार दिया और तुरंत अपनी मोटरसाइकिल से घर पहुंचे। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद श्यामलाल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद, उपचार के दौरान आज सुबह उनकी मौत हो गई। इस दुखद खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बघाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। आज जिला अस्पताल में श्यामलाल के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
