नीमच। संगीत जगत के प्रसिद्ध पाश्र्वगायक स्वर्गीय मुकेश चंद्र माथुर की पुण्यतिथि (27 अगस्त) पर मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप ने नारायणी माता मंदिर में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और मुकेश की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। ग्रुप एडमिन खजानसिंह पवार ने बताया कि मुकेश ने अपनी गायकी से संगीत जगत में जो अमिट छाप छोड़ी है, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर ग्रुप परामर्शकर्ता राजेंद्र शर्मा, राजेंद्र रोकड़े, विजय चौहान, भारत घावरी, राजेश सेन (जिन्हें ग्रुप का ‘मुकेश’ कहा जाता है), निशा घारु, सुनीता यादव, योगेश गहलोत, प्रभुलाल आर्य, हार्दिक आर्य और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में "मैं ना भूलूंगा", "आवारा हूं", "जो तुमको हो पसंद", "सात अजूबे दुनिया में", "महबूब मेरे", "दो कदम तुम भी चलो", "चल अकेला चल" सहित कई अमर गीतों को गाकर मुकेश को याद किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विजय चौहान ने किया तथा आभार ग्रुप एडमिन खजानसिंह पवार ने व्यक्त किया।