नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत झंझारवाड़ा से सोनियाना मार्ग पर बीती देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक अलीम पिता इदरीस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार अलीम, अजीम और सोहेल तीनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल एक खंभे से टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे अलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजीम और सोहेल घायल हो गए। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

मृतक अलीम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले का रहने वाला था और फिलहाल धामनिया में रहकर झंझारवाड़ा की स्वराज फैक्ट्री में काम करता था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
