नीमच। जिले में लगातार हुई अतिवृष्टि और जलभराव के कारण सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। ग्राम पंचायत भादवा माता के अंतर्गत आने वाले भादवा माता, दोवड़, रायसिंहपुरा, तिनकया खेड़ी और झालरी के किसानों ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मांग की कि शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा एवं बीमा राशि स्वीकृत की जाए।
विधायक परिहार ने भी उठाई आवाज-
नीमच विधानसभा के विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने अतिवृष्टि, अफलन और पीला मोजेक रोग से बर्बाद हुई सोयाबीन की फसल का संज्ञान लेकर किसानों को राहत देने की मांग की है।
किसान गंभीर आर्थिक संकट में-
किसानों का कहना है कि लगातार वर्षा और खेतों में जलभराव से फसलें चौपट हो गई हैं। ऊपर से पीला मोजेक रोग और अफलन ने उत्पादन की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दीं। इससे किसान गहरे आर्थिक संकट में हैं और जीवनयापन कठिन हो गया है।
