मंदसौर। जम्मू में हुए भीषण भूस्खलन हादसे में जान गंवाने वाले मंदसौर जिले के श्रद्धालुओं के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भीलखेड़ी पहुंचे। शवों को जम्मू से एंबुलेंस द्वारा लाया गया। जैसे ही एंबुलेंस गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम छा गया और वातावरण गमगीन हो उठा।
गांव के सैकड़ों लोग अपने परिचितों और ग्रामीणों को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। शवों के पहुंचते ही हर किसी की आंखें नम हो गईं। महिलाओं का विलाप और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस का अमला मौके पर मौजूद रहा और व्यवस्थाएं संभालीं।
एसडीएम स्वाति तिवारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के शव गांव पहुंच चुके हैं। वहीं, घायल श्रद्धालुओं का इलाज अस्पताल में जारी है। प्रशासन लगातार संपर्क में है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
गौरतलब है कि जम्मू में अचानक हुए भूस्खलन ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंदसौर जिले के श्रद्धालु भी इसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे भीलखेड़ी गांव को शोकाकुल कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना उनके लिए कभी न भरने वाला घाव है। सभी मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।