भोपाल। संयुक्त माली-सैनी-मरार समाज द्वारा समाज के महान व्यक्तित्व युगपुरुष रामजी महाजन की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन 31 अगस्त 2025 को महात्मा फुले भवन, अरेरा कॉलोनी, भोपाल में किया जा रहा है। इस आयोजन में शिक्षा, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी क्रम में ओमप्रकाश गहलोत, सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं स्कूल संचालक को समाज में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु रामजी महाजन पिछड़ा वर्ग पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। गहलोत ने शिक्षा के माध्यम से समाज के पिछड़े वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के बच्चों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अपर कलेक्टर जी.पी. माली, समाजसेवी कुसुमलता भार्गव, सांसद आलोक शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रवीन्द्र यादव सहित कई विशिष्टजन मौजूद रहेंगे।
संयुक्त माली समाज ने गहलोत के कार्यों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज की आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने में मील का पत्थर साबित होगा। समारोह में प्रदेशभर से समाजजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा और इसमें विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियां भी होंगी। समाजजनों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।