मंदसौर। शनिवार रात मंदसौर में गरबा प्रैक्टिस के दौरान एक महिला का छह लोगों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी महिला को घसीटते हुए अपने साथ ले गए। इस दौरान एक आरोपी के पास कट्टा भी था।

घटना रात करीब 10 बजे खानपुरा स्थित भावसार धर्मशाला की है, जहां महिलाएं और युवतियां गरबा की तैयारी कर रही थीं। तभी चार युवक और दो महिलाएं वहां पहुंचे और अचानक एक महिला को पकड़ लिया। जबरन ले जाने का विरोध करने पर एक युवती को धक्का देकर गिरा दिया गया और उससे मारपीट भी की गई। आरोपी महिला को गलियों में घसीटते हुए अपने साथ ले गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की कार्रवाई-
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि महिला की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इलाके में लगातार दबिश दे रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिला को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
