नीमच। बीती रात नीमच के पॉश माने जाने वाले सिंधी कॉलोनी रोड पर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। तड़के करीब 4 बजे चोरों ने एक के बाद एक दो दुकानों को निशाना बनाया और हजारों की नकदी लेकर चंपत हो गए। सिंधी कॉलोनी रोड स्थित चौपदार पैंट्स एंड हार्डवेयर दुकान के शटर को तोड़कर बदमाशों ने भीतर प्रवेश किया और गल्ले से लगभग 70,000 नकद राशि उड़ा ली।

वहीं हाट मैदान स्थित देवांशु कन्फेक्शनरी दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया और शटर तोड़कर 11,000 (लगभग) की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की इस सनसनीखेज घटना की जानकारी सुबह अखबार बांटने पहुंचे एक हॉकर ने दी। हॉकर ने दोनों दुकानों के शटर उखड़े देखे और तुरंत दुकानदारों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें तीन चोर साफ तौर पर चौपदार पेंट्स की शटर उठाकर अंदर घुसते और चोरी करते नजर आ रहे हैं।

दोनों दुकानदारों की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन तीन अज्ञात बदमाशों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। शहर के पॉश इलाके में तड़के हुई इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता पैदा कर दी है।
