मंदसौर। शहर में कांग्रेस अल्पसंख्यक नगर अध्यक्ष मजहर खान के पिता अजहर उर्फ अज्जू तंबाकूवाला के घर पर पुलिस ने देर रात छापा मारकर जुए का अड्डा पकड़ा। कार्रवाई में पुलिस ने 1,76,300 नकद, ताश की गड्डियां और 5 मोबाइल फोन बरामद किए। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी अजहर तंबाकूवाला और उसका बेटा अरबाज खान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.76 लाख बताई गई है।

40 पुलिसकर्मियों ने घेरा मकान, अंधेरे में भाग निकले मुख्य आरोपी
यह कार्रवाई शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात मंडीगेट क्षेत्र में की गई। सूचना मिलने पर कोतवाली, वायडीनगर और नई आबादी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 40 पुलिसकर्मियों के साथ मकान को चारों ओर से घेर लिया। इलाके में संकरी गलियों और जुड़ी हुई छतों के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पुलिस ने दबिश देकर अंदर प्रवेश किया।

घर के अंदर चल रहा था जुआ घर
पुलिस जब अंदर पहुंची तो वहां 8 लोग ताश की गड्डियों से जुआ खेलते हुए मिले। इनमें से चार आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र सिंह (उज्जैन निवासी), अशोक होतवानी (मंदसौर निवासी), बृजेश उर्फ विजय परमार (मंदसौर निवासी) और सरफराज अहमद (मंदसौर निवासी) शामिल हैं।

मुख्य संचालक अज्जू तंबाकूवाला और बेटा अरबाज फरार
फरार आरोपियों में अजहर खान उर्फ अज्जू तंबाकूवाला, उसका बेटा अरबाज खान, जाहिद जुम्मा और जब्बार के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, अजहर अपने बेटे अरबाज के साथ मिलकर अपने ही घर में जुए का यह रैकेट चला रहा था। छापेमारी के दौरान दोनों मौके से भाग निकले। पुलिस का कहना है कि दोनों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

जांच जारी, नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस जुआ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि शहर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
