नीमच। शहर के सबसे व्यस्त इलाके कमल चौक में बुधवार दोपहर हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने पुलिस-प्रशासन को सकते में डाल दिया। इंदिरा नगर निवासी मेडिकल व्यवसायी हर्षवर्धन राठौड़ की कार (आरजे 09 सीडी 4924) का कांच तोड़कर उसमें रखे 1 लाख 70 हजार की नकदी चोरी कर ली गई।

जानकारी के अनुसार, हर्षवर्धन राठौड़ अपनी पत्नी के साथ नेत्रालय हॉस्पिटल और मेडिकल स्टोर का कलेक्शन लेकर कमल चौक स्थित जूते की दुकान पर रुके थे। उन्होंने कार सड़क किनारे पार्क कर लॉक की। इस बीच घात लगाए बैठे शातिर बदमाशों ने पहले कार का अगला पहिया पंचर किया, ताकि लौटने पर पीड़ित भ्रमित हो जाए। इसके बाद उन्होंने कांच तोड़कर नकदी से भरा बैग गायब कर दिया।

कुछ ही देर बाद जब राठौड़ लौटे, तो टूटा शीशा और पंचर टायर देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर सीएसपी किरण चौहान मौके पर पहुंचीं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।

शहर के बीचों-बीच हुई यह चोरी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी, जबकि व्यापारी वर्ग में इस घटना को लेकर आक्रोश और असुरक्षा की भावना है।