नीमच। केंट थाना क्षेत्र के नीमच-महू हाईवे पर गुरुवार रात एक बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत टेंपो की मदद से घायल को नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जय श्री बस नीमच से प्रतापगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार हिंगोरिया घाटी क्षेत्र से नीमच की दिशा में आ रहा था। हिंगोरिया घाटी के पास बस ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में घायल युवक की पहचान ईश्वर (18) पिता पूनम चंद्र, निवासी आमली ढोकला, जिला रतलाम के रूप में हुई है। टक्कर के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी।
घायल ईश्वर को रात करीब 10 बजे ऑटो के माध्यम से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।