मंदसौर। शहर में महिला का पर्स छीनने की घटना को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लूटा गया 10 हजार रुपये नकद तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

घटना शुक्रवार दोपहर किटियानी स्थित डुप्लेक्स क्षेत्र के पास हुई थी। अभिनंदन कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय साक्षी गंगवाल ने थाना वायडी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर लगभग 3 बजे जब वह मार्केट से अपने घर लौट रही थीं, तभी बास्केट ग्राउंड के पास एक बाइक सवार ने पीछे से आकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद, घर की चाबी, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे।

शिकायत के बाद पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग की पहचान कर उसे शनिवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने वारदात कबूल की, जिसके बाद लूटी गई राशि और दस्तावेज बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
