नीमच। जावद तहसील के ग्राम धामनिया में पैतृक कृषि भूमि को लेकर एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नानालाल और गणेश रावत ने पुलिस अधीक्षक नीमच को आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पिता घीसालाल की कमजोर मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर गांव के ही दो दलाल राहुल रावत और शांतिलाल रावत ने जमीन को धोखे से मंदसौर निवासी एक महिला, नीता रावल, के नाम विक्रय करा दिया।
पीड़ितों के अनुसार, दलाल पहले भी वर्ष 2021 में उनके पिता से एचडीएफसी बैंक से 10 लाख रुपये का लोन गिरवी रखवाकर हड़प चुके हैं। आरोप है कि अब 13 सितंबर 2024 को पैतृक भूमि का विक्रय पंजीयन भी यह कहकर करवा दिया गया कि जमीन केवल गिरवी रखी जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि दलालों के दबाव में उनके पिता और भाई से उनके खिलाफ झूठा आवेदन लिखवाया गया। साथ ही राहुल और शांतिलाल द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। पीड़ितों के अनुसार 3 दिसंबर की सुबह पिता और भाई ने भी दबाव बनाते हुए गाली-गलौच कर आवेदन वापस लेने के लिए कहा।
पीड़ित भाइयों ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी के मामलों में कठोर कार्रवाई करने तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।