शाजापुर। जिले के शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र में सट्टे का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। इस गैरकानूनी गतिविधि से विशेष रूप से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है, जिसके चलते कई परिवार आर्थिक तंगी और आपसी कलह का सामना कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की प्रभावी कार्रवाई न होने से सटोरियों के हौसले बुलंद हैं।
जानकारी के अनुसार नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन लाखों रुपये का सट्टा कारोबार संचालित हो रहा है। मंडी थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों सहित बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास और करीब छह अलग-अलग स्थानों पर खुलेआम इक्का-मिंडी का खेल चल रहा है। स्थिति यह है कि सट्टा कारोबारियों पर किसी प्रकार का भय दिखाई नहीं देता।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र से सामने आ रही तस्वीरें थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर खुलेआम सट्टा चल रहा है, तो पुलिस को इसकी जानकारी न होना समझ से परे है।
इस संबंध में जब मीडिया कर्मियों ने थाना प्रभारी से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यदि कहीं सट्टे का कारोबार संचालित हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, क्षेत्र में लंबे समय से जारी इस अवैध धंधे को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सट्टे के इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि युवा पीढ़ी और समाज को इसके दुष्परिणामों से बचाया जा सके।