खरगोन। जिले के कसरावद में खेल भावना और युवाओं के उत्साह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्या शाला ग्राउंड पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन ने रिबन काटकर तथा वॉलीबॉल खेलकर किया। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आई टीमों और खेलप्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने भाग लिया, जिससे पूरे आयोजन में जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। प्रारंभिक मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला इंदौर और मंडलेश्वर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांच अपने चरम पर रहा। कड़े संघर्ष के बाद इंदौर की टीम ने जीत हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेता टीम इंदौर को जयप्रकाश पाटीदार (जीपी) की ओर से 15,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। द्वितीय पुरस्कार के रूप में नीलेश पटेल द्वारा 7,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार यश पाटीदार एवं प्रदुमन मंडलोई की ओर से 5,000 रुपये दिए जाने की घोषणा की गई। समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करती हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करती है।