मंदसौर। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला दलौदा थाना क्षेत्र का है, जहां बानीखेड़ी रोड स्थित एक आरा मशीन परिसर से अज्ञात चोर रात के समय एक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दिखाई दे रहे हैं, जो पहले मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक खोलने का प्रयास करते हैं। लॉक नहीं खुलने पर दोनों चोर मोटरसाइकिल को आगे से उठाकर मौके से फरार हो जाते हैं।
जानकारी के अनुसार चोरी गई मोटरसाइकिल स्प्लेंडर है, जो प्रकाश पिता कालूराम, निवासी ग्राम बजरंगगढ़, जिला रतलाम की बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी दलौदा रेलवे स्टेशन से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आ चुकी है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बावजूद चोरों का पुलिस गिरफ्त से बाहर रहना क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि चोरों के भीतर पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।