नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में जावद पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराध में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गृह भेदन कर सोने की चेन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की सोने की चेन जब्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को फरियादी बंशीलाल नागदा द्वारा थाना जावद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसकर गले में पहनी सोने की चेन झपट्टा मारकर छीन ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जावद में अपराध क्रमांक 486/2025 धारा 304(2), 331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की कार्रवाई-
विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दिनांक 3 जनवरी 2026 को पुलिस ने दो आरोपियों- गोवर्धनलाल पिता बालुलाल कंजर (उम्र 19 वर्ष) एवं प्रमोद पिता रूपलाल कंजर (उम्र 27 वर्ष), दोनों निवासी कंजर बस्ती दुधीतलाई, विजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है। अन्य सह-आरोपियों की तलाश जारी है तथा आरोपियों से अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूका
दृ सोने की चेन, अनुमानित कीमत 3 लाख
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड-
गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक रवि पाण्डे, सुरेश पाटीदार तथा आरक्षक कमल धनगर, श्याम सिंह देवड़ा, सुनील डिंडोर, विजय शर्मा एवं अरुण राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।