चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आई-20 कार से 45 किलो 780 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिगड़ के निर्देशन एवं डीवाईएसपी अंजलि सिंह के सुपरविजन में बेगूं थाना प्रभारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा जोगणियामाता घाटे पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान चंदाखेड़ी ठुकराई की ओर से आ रही सफेद रंग की आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को मोड़कर घाटे के नीचे ले गया और ठुकराई गांव के सरकारी स्कूल के पास कार खड़ी कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों से कुल 45 किलो 780 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस थाना बेगूं में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी-
राजू चौधरी पिता रामलाल चौधरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी सराणा, थाना गांधीनगर, जिला अजमेर।