रतलाम। जिले के जावरा और ताल थाना क्षेत्र सहित आसपास के जिलों में महिलाओं से मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल छीनने की लगातार हो रही वारदातों का रतलाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंतरजिला स्तर पर सक्रिय चेन स्नैचिंग गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह रतलाम, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था।
एसपी अमित कुमार ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपियों ने 05 फरवरी को जावरा थाना क्षेत्र, 06 फरवरी को ताल, आलोट एवं बड़ोद और 7 फरवरी को सुसनेर (जिला आगर-मालवा) व जीरापुर (जिला राजगढ़) में काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल छीने।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
टीम में विभिन्न थानों की पुलिस, साइबर सेल और सीसीटीवी विशेषज्ञों को शामिल किया गया। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों के रूट ट्रैक किए गए। फुटेज से प्राप्त तस्वीरों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया।
साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें भोपाल से गिरफ्तार किया गया।