मोहन बड़ोदिया। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने एनटीपीसी सोलर प्लांट देहरीपाल से हुई केबल चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है। आरोपियों में दो सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 26 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 6 बजे एनटीपीसी सोलर प्लांट देहरीपाल के ब्लॉक क्रमांक-18 से करीब 1000 मीटर केबल वायर (6 एमएम एवं 10 एमएम) तथा नगदी चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत 75,500 रुपये आंकी गई।
घटना का विवरण-
सोलर प्लांट के सिक्योरिटी साइट इंचार्ज योगेश बैरागी (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम जावदी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड रविन्द्र उर्फ रवि सेन एवं राजेश सिंह उर्फ राजेन्द्र को प्लांट से एक सफेद प्लास्टिक की भरी बोरी ले जाते देखा। आवाज देने पर दोनों मौके से भाग गए। जांच करने पर ब्लॉक क्रमांक-18 से लगभग 1000 मीटर डीसी केबल वायर गायब पाई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना मोहन बड़ोदिया में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस कार्रवाई व खुलासा-
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान संदेही आरोपी रविन्द्र सेन से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी सिक्योरिटी गार्ड राजेश सिंह के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड होने का फायदा उठाकर केबल वायर चोरी की और कबाड़ी राजा उर्फ ईशाक शाह को 70,000 रुपये कीमत का माल मात्र 10,000 रुपये में बेच दिया।
बरामदगी-
पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सेन से 3,500 रुपये नगद, आरोपी राजेश सिंह से 2,000 रुपये नगद, कबाड़ी आरोपी राजा से गेहूं के खेत में छिपाकर रखी 1000 मीटर केबल वायर (कीमत 70,000 रुपये) बरामद की। कुल 75,500 रुपये का माल जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को 27 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया है। उनसे अन्य जिलों में हुई चोरियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका-
कार्रवाई में निरीक्षक भीम सिंह पटेल सहित पुलिस टीम के सदस्य जगदीश दांगी, जितेन्द्र सितपरा, हेमेन्द्र सिंह जादौन, भंवरलाल वर्मा, रामेश्वर दांगी, सुरेश राठौर, अर्जुन बागड़ी, जीवन सिंह, कपिल यादव, राहुल कुम्भकार, शिवचरण दांगी, सत्यनारायण यादव, कैशव शर्मा, जुझार सिंह, नितेश जायसवाल एवं चालक विष्णु दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की विशेष अपील-
पुलिस ने कस्बा वासियों एवं व्यापारियों से अपने मकान, दुकान और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कैमरों का व्यू सड़क एवं आसपास के क्षेत्र में रखने की अपील की है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।