नीमच। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में करीब 52 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में पुलिस चौकी नयागांव (थाना जावद) एवं थाना जीरन पुलिस द्वारा की गई।

पहली कार्रवाई- नयागांव चौकी
3-4 अप्रैल की दरमियानी रात को मुखबिर की सूचना पर नीमच-निम्बाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर नयागांव रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान हुंडई आई-20 कार (आरजे-42-सीए-0916) को रोककर तलाशी लेने पर 500 ग्राम एमडीएमए (एमडी) एवं 15 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी राजूराम (42) निवासी नागौर, राजस्थान को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 22 के तहत मामला दर्ज किया।

दूसरी कार्रवाई- थाना जीरन
3 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान आवरीमाता-चीताखेड़ा रोड पर एक बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी में 2 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आरोपी नारायण सिंह (35) निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

जब्त सामग्री
500 ग्राम एमडी, 2 किलो 140 ग्राम अफीम, 15 किलो डोडाचूरा, एक कार एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों कार्रवाइयों में नयागांव चौकी एवं जीरन थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
