चित्तौड़गढ़। सदर थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को 2 किलो 757 ग्राम अवैध अफीम के साथ डिटेन किया है। मामले में अफीम सप्लाई करने वाले आरएसी के कांस्टेबल को भी गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह के पर्यवेक्षण और वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर गश्त के दौरान संदिग्ध नाबालिग की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 2.757 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि अफीम की सप्लाई आरएसी कांस्टेबल सरजीत चौधरी द्वारा की गई थी। पुलिस ने उसे आरएसी बटालियन प्रतापगढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है। जिला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए आमजन से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
