नीमच। प्रदेश में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सरवानिया महाराज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 166 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य को सह-आरोपी बनाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई।

नाकाबंदी कर पकड़ी कार-
दिनांक 6 अप्रैल 2026 को चौकी सरवानिया महाराज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की होंडा जैज कार (डीएल 7 सीके 7931) में डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना पर ग्राम लासूर-बागरेड रोड स्थित गुलानिया भेरूबावजी के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 166 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये आरोपी गिरफ्तार-
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश (28) पिता शेराराम जाट एवं रूघाराम (32) पिता निम्बाराम जाट, दोनों निवासी ग्राम बिरसालू कला, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर (राजस्थान) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले कालू उर्फ कारूलाल निवासी रायसिंहपुरा, थाना नीमच सिटी को भी सह-आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है।

जब्त सामग्री व मूल्य-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 166 किलोग्राम डोडाचूरा एवं एक होंडा जैज कार जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस पूरी कार्रवाई में चौकी सरवानिया महाराज थाना जावद की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी से यह बड़ी सफलता हासिल हुई।
