नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। लाल मैदान में 33 वर्षीय पंकज जायसवाल ने कथित रूप से कांच की बोतल से गला काटकर आत्महत्या कर ली। सुबह लोगों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार पंकज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव एवं शारीरिक परेशानी से जूझ रहा था। पेट दर्द एवं मानसिक अस्वस्थता के चलते उसे हाल ही में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बुधवार को ही उसे छुट्टी मिली थी। घर लौटने के बाद वह काफी बेचैन था और रात में बाहर जाने की जिद कर रहा था।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे, जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, वह चुपचाप घर से निकल गया। सुबह जानकारी मिली कि उसने लाल मैदान में पड़ी कांच की बोतल तोड़कर यह कदम उठा लिया।

नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह घटना मानसिक तनाव और अवसाद जैसे मुद्दों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता को दर्शाती है। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर उपचार, परामर्श एवं पारिवारिक सहयोग से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
